484 total views
दरगाह कार्यालय से हटाए गए कर्मचारियों की दोबारा तैनाती पर विवाद,कस्बा निवासी की शिकायत पर जांच के आदेश।
ब्यूरो रिपोर्ट:24 पब्लिक न्यूज़।
कलियर।दरगाह साबिर पाक में अनियमितताओं के आरोप में हटाए गए कर्मचारियों की दोबारा तैनाती का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।करीब सात कर्मचारियों को, जिन्हें पहले सेवा से हटा दिया गया था, कथित रूप से मौखिक आदेश के आधार पर पुनः कार्य पर लगाए जाने की शिकायत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की से की गई है।पिरान कलियर निवासी नोशाद ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि दरगाह साबिर पाक में सुपरवाइजर समेत सैकड़ों कर्मचारी तैनात हैं। कुछ दिन पूर्व दरगाह के दानपात्रों से धन निकालने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थी।जिसमें कुछ दरगाह कर्मचारी कथित रूप से दान की राशि में अनियमितता करते नजर आए थे।इसके अलावा इनमें से कुछ कर्मचारियों पर कार्य में लापरवाही के भी आरोप लगे थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए दरगाह प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब सात कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया था। हालांकि, अब वही कर्मचारी दोबारा दरगाह परिसर में कार्य करते दिखाई देने लगे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित कर्मचारियों से माफीनामा लेकर उन्हें पुनः तैनात कर दिया गया है।इस घटनाक्रम के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ती नजर आ रही है। उनका कहना है कि पहले भी इस तरह की कार्रवाई के बाद कर्मचारियों को माफीनामा लेकर बहाल कर दिया जाता रहा है, जिससे अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।शिकायतकर्ता ने दरगाह प्रशासन से इस मामले में पारदर्शी और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।वहीं,ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने दरगाह प्रबंधन को पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
